अमेठी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दीपावली पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को नि:शुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल का वितरण लोकभवन लखनऊ से किया गया।जिसमें प्रदेश भर के उज्ज्वला योजना के तहत कुल 1.75 करोड़ पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल का वितरण किया गया।
जिसका सजीव प्रसारण जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों लाभार्थियों ने देखा एवं सुना। तत्पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, सदस्य विधान परिषद शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा राम प्रसाद मिश्रा ने 10 लाभार्थियों को नि:शुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की धनराशि का प्रतिकात्मक चेक वितरण किया।
कार्यक्रम में कुल 120 लाभार्थियों को चेक वितरित किया गया। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी नीलेश उत्पल ने बताया कि आज यहां 120 लाभार्थियों को निशुल्क रसोई गैस सिलेंडर हेतु चेक का वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.63 लाख लाभार्थी हैं जिन्हें निशुल्क रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना अंतर्गत लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रथम चरण में माह नवंबर से दिसंबर 2023 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी 2024 से मार्च 2024 तक निशुल्क सिलेंडर रिफिल प्रदान किया जाएगा। उन्होंने लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि जिन लाभार्थियों के बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है तथा जिनके आधार प्रमाणित नहीं है वह अपना खाता आधार से लिंक कराएं तथा दिसंबर माह तक कभी भी बुकिंग कर निशुल्क सिलेंडर रिफिल प्राप्त कर सकते हैं। इसके पश्चात द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च तक बुकिंग कर निशुल्क रिफिल सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में उक्त के अतिरिक्त जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव सहित अन्य अधिकारी व लाभार्थीगण मौजूद रहे।



