रायबरेली।
18 वीं लोकसभा में शत प्रतिशत मतदान के लिए माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता शपथ ग्रहण की। विकासखंड दीनशाह गौरा के स्वीप नोडल प्रभारी डॉ सुनील दत्त ने छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई।
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक भागीदारी कार्यक्रम (स्वीप) द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता शपथ कार्यक्रम के अंतर्गत दीनशाह गौरा विकासखंड के कई विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को 20 मई 2024 को होने वाले लोकसभा आम चुनाव के लिए शपथ दिलाई गई। नोडल प्रभारी डॉ सुनील दत्त ने बताया कि रायबरेली में 20 मई 2024 को पांचवें चरण का मतदान होना है जिसमें शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए छात्र छात्राओं को जागरूक किया गया।
छात्र छात्राओं के माध्यम से अभिभावकों को संदेश प्रेषित किया गया कि वे आगामी 20 मई को होने वाले लोकसभा आम चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में बढ़-चढ़कर मतदान करें। उन्होंने आगे कहा कि 18 वर्ष की आयु से अधिक के सभी नागरिक जिनका मतदाता सूची में नाम दर्ज है वे निष्पक्ष रूप से बिना किसी दबाव और लालच के साथ मतदान करें। इससे लोकतंत्र मजबूत होगा।
इसी कड़ी में इंटर कॉलेज गौरा के प्रधानाचार्य मेजर हरिश्चंद्र सिंह ने भी छात्र छात्राओं को मतदान के महत्व के संबंध में अवगत कराया। अंकुर बालिका इंटर कॉलेज के आदित्य कुमार सिंह, बलिकरन सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहम्मद फैजल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या कुमारी पूजा, मुंशी महादेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहादुरगंज के राम प्रसाद, धर्मापुर कैली इंटर कॉलेज के महारानी दीन यादव, गोविंदपुर माधव इंटर कॉलेज के सूर्य नारायण तिवारी ने भी अपने-अपने विद्यालयों में मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। छात्र छात्राओं ने रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से भी मतदान के महत्व को समझाया।
इस अवसर पर सरोज अनिल कुमार, सभाजीत यादव, लाल संजय प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, कृपा शंकर मौर्य, दिनेश चन्द्र वर्मा, कमीक्षा प्रताप सिंह, सुधीन्द्र कुमार, मुन्नालाल, ज्ञान बहादुर, अशोक कुमार, बृजेश कुमार, राज कुमार आदि शिक्षक मौजूद रहे।




