सोशल मीडिया पर प्यार हुआ दोनो ने किया निकाह


 

डीह,रायबरेली ।  सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार श्रीनगर की डॉक्टर युवती को रायबरेली खींच लाया। युवती ने रायबरेली के डीह कस्बे में रहने वाले युवक से निकाह कर लिया। इधर युवती के पहले पति ने रायबरेली आकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर की रहने वाली डॉ. अविरल ने रायबरेली जिले के डीह कस्बे के डॉ. फैजान अहमद से निकाह किया। बताया जा रहा है कि अविरल और फैजान की मुलाकात फेसबुक पर हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

 सोमवार को दोनों ने शादी कर ली और बुधवार को उनके घर वलीमा का कार्यक्रम भी तय है। पंजाब के मोहाली जिले के पाइन होम्स निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने 2017 में डॉ. अविरल से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। विनोद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि फैजान उनकी पत्नी को गुमराह कर अपने साथ रायबरेली ले आया। 

अविरल अपने साथ 5 लाख रुपये के जेवर, 2 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल लेकर घर छोड़ गई।विनोद कुमार का कहना है कि उन्होंने डीह थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने आरोपी पक्ष से पूछताछ तक नहीं की। विनोद का आरोप है कि पुलिस मामले में कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभा रही है। मामले पर डीह थाना प्रभारी शिवाकांत पांडे ने बताया कि युवती ने साफ कहा है कि वह अपने प्रेमी फैजान के साथ रहना चाहती है। फिलहाल प्रकरण की जांच की जा रही है। 

इस मामले ने कानूनी और सामाजिक पेंच पैदा कर दिया है। विनोद कुमार अपनी पत्नी को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि डॉ. अविरल ने प्रेमी फैजान के साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post