अमेठी। जिलाधिकारी निशा अनंत ने गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम आरबीएसके की टीम से कार्य योजना के संबंध में जानकारी ली तथा अब तक आरबीएसके की टीम कितने विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया उसके संबंध में भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूछा तथा कहा कि सुव्यवस्थित ढंग से कार्य योजना बनाकर जनपद में संचालित सभी प्राइमरी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में आरबीएसके की टीम जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करें साथ ही सभी बच्चों का हेल्थ कार्ड भी बनाएं एवं उसमें बच्चों की चिकित्सा संबंधी सभी जानकारी उसमें अंकित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को बच्चों की डिटेल सहित सभी विद्यालयों में वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए जिसमें बच्चों की हाइट, उनका वजन सहित अन्य चीजें अंकित हों।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गर्मी के दृष्टिगत सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में पीने हेतु पानी, ओआरएस पैकेट की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें तथा बच्चों को हीट वेव से बचाव के संबंध में भी जानकारी दें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी आरबीएसके की टीम व समस्त एमओआईसी मौजूद रहे।
रिपोर्ट देवेंद्र कोरी

