बाढ़ आपदा प्रबंधन में समूहों की महिलाएं भी निभाएंगी अहम भूमिका


 लखनऊ। उपमुख्यमंत्री  केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में दीन दयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में महिलाओं को बाढ़ आपदा प्रबंधन विषयक विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह सात दिवसीय आवासीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 जून से 8 जून, 2025 तक उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित अति संवेदनशील ग्रामों में महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ आपदा न्यूनीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाना है।

संस्थान के महानिदेशक एल. वेंकटेश्वर लू के संरक्षण एवं अपर निदेशक बी.डी. चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनपद बहराइच की 56 तथा बस्ती की 40 समूह सखी महिलाओं सहित कुल 96 महिलाएं प्रतिभाग कर रही हैं। सभी महिलाएं ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सक्रिय स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं।

प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर उद्घाटन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात संस्थान के सहायक निदेशक डॉ. एस.के. सिंह, सहायक निदेशक संजय कुमार, वरिष्ठ सलाहकार कुमार दीपक और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने प्रतिभागी महिलाओं को संबोधित करते हुए विषय की उपयोगिता और प्रभावशीलता पर प्रकाश डाला।

डॉ. एस.के. सिंह ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य की 44 जनपदों की 119 तहसीलों के 2500 अति संवेदनशील राजस्व ग्रामों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस क्रम में प्रशिक्षित समूह सखियों को अपने-अपने ग्रामों में महिलाओं को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी दी जाएगी, ताकि स्थानीय संसाधनों का मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से मैपिंग किया जा सके और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक निदेशक संजय कुमार, सलाहकार कुमार दीपक, मो. शाहरुख, सुदेश कुमार एवं मो. कलीम की उल्लेखनीय भूमिका रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post