हिट वेव (लू) से बचाव हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित।


 हीट वेव (लू) से बचाव हेतु क्या करें-क्या ना करें का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के दिए निर्देश।

अमेठी। जिलाधिकारी निशा अनंत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हीट वेव (लू) से बचाव हेतु बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने वर्तमान समय में हीट वेव (लू) से बचाव हेतु क्या करें-क्या ना करें का जन सामान्य में व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ वेलनेस सेंटर, कलेक्ट्रेट, तहसील, ब्लाक, थानों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगवाने को कहा तथा अस्पतालों में सभी जगह हीट वेव से संबंधित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 जिला कृषि अधिकारी को खाद/बीज की दुकानों पर पोस्टर लगवाने के निर्देश दिए, इसी प्रकार नलकूप विभाग को भी सभी नलकूपों पर पोस्टर लगवाने को कहा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौशालाओं में गोवंशों हेतु पर्याप्त छांव व पीने के पानी की व्यवस्था, टीन शेड के ऊपर पराली व जूट के बोरे आदि डालने के निर्देश दिए ताकि धूप का प्रभाव कम रहे और शेड के नीचे ठंडक रहे। 

गर्मी के दृष्टिगत सभी तालाबों में पानी भरवाने के निर्देश डीपीआरओ व अधिशासी अभियंता जल निगम तथा सिंचाई को दिए। खराब पड़े हैंडपंप को रिबोर तथा मरम्मत कराने के निर्देश डीपीआरओ को दिए। बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। श्रम विभाग को निर्देश दिए गए की 12 से 3 बजे के मध्य निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से कार्य न कराया जाए।


 बैठक में वर्तमान समय में बिजली तथा अन्य कारणों से लगने वाली आग पर नियंत्रण पाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने हीट वेव से बचाव हेतु जन सामान्य के लिए जारी किए गए निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर में 12 से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकले यदि अपरिहार्य कारणों से बाहर निकलना पड़ रहा है तो छाते का प्रयोग अवश्य करें, हल्के वस्त्र तथा सर को ढक कर बाहर निकले, आवश्यकतानुसार पानी की बोतल अवश्य साथ में रखें, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाएं एवं बुजुर्ग व्यक्तियों को लू से बचाव करना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि यह उनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकता है, मानव जीवन के साथ-साथ पशु पक्षियों का जीवन भी उतना ही महत्वपूर्ण है इसके दृष्टिगत उन्होंने कहा कि वह पशुओं के लिए साफ पीने के पानी का प्रबंध करें तथा पक्षियों के लिए दान एवं पानी रखें, धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं जानवरों को ना छोड़े, तापमान अधिक होने पर ज्यादा मेहनत वाले काम कम करें अथवा सूर्योदय या सूर्यास्त के बाद करें।


 काफी, शराब, शॉप ड्रिंक का उपयोग कम करें यह शरीर में डिहाइड्रेट करते हैं, साफ पीने योग्य पानी का अधिकतम प्रयोग करने के साथ नींबू पानी, छांछ अथवा लस्सी आदि का प्रयोग करें, किसी भी तरह की बेचैनी, सर दर्द या शरीर का तापमान बढ़ने पर निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें जहां पर हिट वेव से बचाव हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

 बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- देवेन्द्र भारती

Post a Comment

Previous Post Next Post