अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल द्वारा खंड विकास अधिकारी कार्यालय अमेठी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी बृजेश कुमार उपस्थित रहे। निरीक्षण की शुरुआत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) कार्यालय से हुई, जहां सभी ब्लॉक मिशन प्रबंधक उपस्थित पाए गए। हालांकि, कार्यालय में इंटरनेट वायरिंग और अन्य विद्युत केबलिंग अव्यवस्थित मिली, अभिलेखों का समुचित रखरखाव नहीं किया गया था, और सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
इसके अतिरिक्त, भ्रमण पंजिका भी कार्यालय में उपलब्ध नहीं थी। जब सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी से इस स्थिति की समीक्षा करने को कहा, तो संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया, जिससे प्रतीत हुआ कि अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य की नियमित समीक्षा नहीं की जा रही है। इस पर अनुपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे 48 घंटे के भीतर साक्ष्य सहित अपनी अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
साथ ही, बीडीओ अमेठी को निर्देशित किया गया कि वे कार्यालय में पाई गई कमियों को अविलंब दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद सीडीओ ने विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां वरिष्ठ सहायक कमलेश कुमार से उनके कार्यों की डायरी प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि, वे न तो समुचित उत्तर दे सके और न ही कार्य डायरी प्रस्तुत कर पाए। कार्यालय की साफ-सफाई भी असंतोषजनक पाई गई। इस पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बीडीओ अमेठी को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द सभी खामियों को दूर कर इसकी सूचना प्रस्तुत करें।
निरीक्षण के अंत में सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी अमेठी को निर्देशित किया कि शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने निर्देश दिया कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत अनिवार्य रूप से कम से कम एक कार्य संचालित किया जाए।



