अमेठी। जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत जिलाधिकारी श्री संजय चौहान ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से औपचारिक भेंट की। सौजन्य मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी ने जहां अपनी प्रशासनिक पृष्ठभूमि साझा की, वहीं जनहित, पारदर्शिता और सुशासन को लेकर अपनी प्राथमिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि वह 1998 बैच के स्टेट पीसीएस तथा 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पूर्व विभिन्न जनपदों में एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अनेक प्रशासनिक जिलों में प्रभावी भूमिका निभाई है।
जनसेवा के प्रति समर्पण भाव के साथ जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना, समस्याओं का समयबद्ध एवं संतुलित समाधान, और प्रशासनिक पारदर्शिता उनके कार्यकाल की बुनियादी प्राथमिकताएं रहेंगी।
भ्रष्टाचार के प्रश्न पर उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति की बात दोहराते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी शिकायत यदि जाँच में सत्यापित पाई जाती है, तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, जवाबदेही और संवेदनशीलता उनके प्रशासनिक मूल मंत्र होंगे।
बैठक के प्रारंभ में जिला सूचना अधिकारी शिव दर्शन यादव ने मीडिया की ओर से जिलाधिकारी का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारीगण व पत्रकारगण उपस्थित रहे।
यह संवादात्मक पहल प्रशासन और मीडिया के बीच सहयोगात्मक रिश्ते को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।

