राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अमेठी में कांग्रेस का सेवा संकल्प:

 



 सांसद किशोरी लाल शर्मा की उपस्थिति में श्रद्धांजलि, रक्तदान शिविर और भंडारे का आयोजन


गौरीगंज (अमेठी) भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय  राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अमेठी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में विभिन्न जनसेवी कार्यक्रम आयोजित किए गए। गौरीगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए और कार्यकर्ताओं को सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के संकल्प की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की शुरुआत  राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दो मिनट के मौन के साथ हुई। उपस्थित जनसमूह “राजीव तेरा बलिदान याद करेगा हिंदुस्तान”, "राजीव गांधी अमर रहें" जैसे नारों से गूंज उठा। सभा में जिलेभर से आए कांग्रेस नेताओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।

सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, “राजीव गांधी भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने वाले युगदृष्टा थे। सूचना क्रांति, पंचायती राज, युवाओं को मतदान का अधिकार, तकनीकी प्रगति जैसे कार्य उनके दूरदर्शी नेतृत्व के उदाहरण हैं। अमेठी उनके दिल में थी और अमेठी के दिल में वे आज भी जीवित हैं।


कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि तिलोई, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, भादर, शाहगढ़, संग्रामपुर और बाजार शुक्ल सहित सभी ब्लॉकों में श्रद्धांजलि सभाएं, रक्तदान शिविर, फल वितरण और भंडारे आयोजित किए गए।

गौरीगंज में आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में दर्जनों यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। भंडारे में हज़ारों लोगों को भोजन कराया गया, जिसमें राहगीर, ग्रामीण और स्थानीय नागरिक सम्मिलित रहे।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, वरिष्ठ नेता बृजेश तिवारी, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल सहित संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सांसद किशोरी लाल शर्मा ने सगरा तिराहे पर स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और जनता से उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का आह्वान किया।

इसी क्रम में जगदीशपुर में पूर्व विधायक  राधेश्याम धोबी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों को फल वितरित कर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ जगदीशपुर विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने मांग रखी कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जगदीशपुर से राधेश्याम धौबी को प्रत्याशी बनाना चाहिए। उनका कहना था कि विधायक के रूप में उनके कार्यकाल में सेवा, ईमानदारी और विकास की जो मिसाल कायम हुई, वैसी बाद में देखने को नहीं मिली। पिछले चुनाव में टिकट परिवर्तन से कांग्रेस को हार मिली। अब कार्यकर्ताओं की सामूहिक मांग है कि राधेश्याम धोबी को फिर से प्रत्याशी बनाया जाए।

आज का दिन अमेठी के लिए केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि कांग्रेस विचारधारा की पुनः स्थापना और जनविश्वास की पुनर्प्राप्ति का भी अवसर सिद्ध हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post